टॉप न्यूज़लखनऊशहर

यूपी में डिजिटल लाइब्रेरी, हर घर तिरंगा और राजस्व वादों पर सख्ती, मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने दिए बड़े निर्देश

लखनऊ: मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई साप्ताहिक समीक्षा बैठक

उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एस.पी. गोयल की अध्यक्षता में बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों के साथ साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंचायतीराज, राजस्व विभाग, डिजिटल लाइब्रेरी, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान तथा स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने सभी अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरे करने और लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


डिजिटल लाइब्रेरी का कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश

मुख्य सचिव ने कहा कि जिन जिलों में डिजिटल लाइब्रेरी के लिए फर्नीचर और पुस्तकों की आपूर्ति अभी बाकी है, वहां संबंधित वेंडरों के साथ समन्वय स्थापित कर जल्द आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही लंबित भुगतानों का समय पर निस्तारण किया जाए और भुगतान से पहले सामग्री की गुणवत्ता की जांच अनिवार्य रूप से की जाए।

उन्होंने कंप्यूटर, सॉफ्टवेयर और अन्य आवश्यक उपकरणों की आपूर्ति भी जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि अब तक लगभग 90 प्रतिशत फर्नीचर और 97 प्रतिशत पुस्तकों की आपूर्ति पूरी हो चुकी है।


5 साल से पुराने राजस्व वादों के लिए चलेगा विशेष अभियान

राजस्व मामलों की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि पांच वर्ष या उससे अधिक समय से लंबित राजस्व वादों के निस्तारण के लिए तीन महीने का विशेष अभियान चलाया जाए। अभियान के दौरान प्रतिदिन सुनवाई कर मामलों का तेजी से निपटारा किया जाएगा तथा न्यायिक अधिकारियों के कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा भी होगी।

बैठक में जानकारी दी गई कि प्रदेश में विभिन्न स्तरों पर 93,048 राजस्व वाद पांच वर्ष से अधिक समय से लंबित हैं।


‘हर घर तिरंगा’ अभियान में यूपी को फिर नंबर-1 बनाने का लक्ष्य

मुख्य सचिव ने बताया कि इस वर्ष उत्तर प्रदेश में 5 करोड़ घरों पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का जनआंदोलन है।

उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को ‘सेल्फी विद तिरंगा’ अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने और अधिक से अधिक लोगों से हर घर तिरंगा पोर्टल पर सेल्फी अपलोड कराने के निर्देश दिए, ताकि उत्तर प्रदेश इस वर्ष भी देश में पहला स्थान प्राप्त कर सके।


14 और 15 अगस्त को सभी सिनेमाघरों में राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान होगा अनिवार्य

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि 14 और 15 अगस्त को प्रदेश के सभी सिनेमाघरों में राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का अनिवार्य प्रसारण कराया जाए। इसके अलावा जिला स्तर पर आयोजित सभी कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।


9 से 15 अगस्त तक होंगे विशेष कार्यक्रम

बैठक में स्वतंत्रता दिवस और काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। निर्देश दिए गए कि 9 से 15 अगस्त तक पूरे प्रदेश में स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्मारकों और शहीद स्थलों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इन स्थलों की साफ-सफाई, रंगाई-पुताई, प्रकाश व्यवस्था और सजावट सुनिश्चित की जाए।

इसके अलावा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और अमर शहीदों के परिजनों का सम्मान भी किया जाएगा।


विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर होंगे तिरंगा महोत्सव

6 से 8 अगस्त तक सभी शैक्षणिक संस्थानों में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं 9 से 12 अगस्त तक तिरंगा महोत्सव, सांस्कृतिक कार्यक्रम, तिरंगा मेले, स्वयं सहायता समूहों और ओडीओपी उत्पादों की प्रदर्शनियां आयोजित होंगी। 13 से 15 अगस्त तक प्रदेशभर में तिरंगा रैली निकाली जाएगी और रैली से पहले सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया जाएगा।


लखनऊ में भी होंगे विशेष आयोजन

राजधानी लखनऊ में 9 अगस्त को यूथ कनेक्ट तिरंगा रैली, वीरों को नमन कार्यक्रम, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान, तिरंगा प्रदर्शनी, सेल्फी प्वाइंट और वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा घंटाघर, 1090 चौराहा, हजरतगंज, जनेश्वर मिश्र पार्क, एमरल्ड मॉल और लूलू मॉल सहित कई प्रमुख स्थानों पर तिरंगा संगीत समारोह आयोजित करने की योजना है।

Related Articles

Back to top button