
Lucknow Police Commissionerate के कृष्णानगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अंतरजनपदीय टप्पेबाज गिरोह का पर्दाफाश करते हुए महिला सरगना समेत तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लगभग 6 लाख रुपये कीमत की ज्वैलरी, नगदी और वारदात में इस्तेमाल की गई बोलेरो गाड़ी बरामद की गई है।
ऑटो और टेंपो में बनाते थे महिलाओं को निशाना
पुलिस के अनुसार, गिरोह भीड़भाड़ वाले चौराहों और मेट्रो स्टेशनों के आसपास सक्रिय रहता था। आरोपी पहले अपने टारगेट की रेकी करते थे और जैसे ही कोई महिला ऑटो या टेंपो में बैठती, गिरोह की महिलाएं उसी वाहन में चढ़कर धक्का-मुक्की शुरू कर देती थीं। इसी अफरा-तफरी के बीच सोने की चेन, मंगलसूत्र और पर्स बड़ी सफाई से चोरी कर फरार हो जाते थे।
150 CCTV फुटेज खंगालने के बाद पुलिस को मिली सफलता
डीसीपी दक्षिणी के निर्देशन में गठित चार पुलिस टीमों ने करीब 150 सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की मदद से गिरोह तक पहुंच बनाई। मुखबिर की सूचना पर डूडा कॉलोनी आशाराम बापू मार्ग से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
महिला सरगना निकली शातिर अपराधी
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरफ्तार अभियुक्ता बिंदु उर्फ चिंकी गिरोह की सरगना है। गिरोह के सदस्य गोरखपुर के रहने वाले हैं और अलग-अलग शहरों में होटल या झुग्गियों में ठिकाना बदल-बदल कर रहते थे ताकि पुलिस की नजर से बच सकें।
बिना नंबर प्लेट की बोलेरो से करते थे वारदात
अभियुक्तों ने बताया कि वे बिना नंबर प्लेट की बोलेरो गाड़ी का इस्तेमाल करते थे। वारदात के बाद सभी आरोपी उसी वाहन से मौके से फरार हो जाते थे, जिससे किसी को उन पर शक नहीं होता था।
पहले भी दर्ज हैं कई मुकदमे
मुख्य आरोपी बिंदु उर्फ चिंकी पर कानपुर, कुशीनगर और लखनऊ समेत कई जिलों में लूट और चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है।



