
गोरखपुर। योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर परिसर में स्थित मठ के प्रथम तल के शक्ति मंदिर में भगवान भोले शंकर का विधि-विधान से पूजन किया। इस दौरान उन्होंने दुग्ध, दही, घी, मधु और शर्करा से भगवान शिव का पंच स्नान (पंचामृत अभिषेक) कराया।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने पारंपरिक वैदिक विधि से रुद्राभिषेक संपन्न किया। मठ के पुरोहितों एवं वेदपाठी ब्राह्मणों ने शुक्ल यजुर्वेद संहिता के रुद्राष्टाध्यायी महामंत्रों के उच्चारण के साथ पूजा-अर्चना का अनुष्ठान पूर्ण कराया।
रुद्राभिषेक के उपरांत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चराचर जगत के कल्याण, सुख-समृद्धि और शांति के लिए भगवान महादेव से प्रार्थना की। मंदिर परिसर में इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया।
मुख्यमंत्री के इस धार्मिक कार्यक्रम को आध्यात्मिक परंपराओं के प्रति आस्था और लोककल्याण की भावना से जोड़ा जा रहा है।



